भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र चौहान का निधन
ब्रेन हेमरेज के बाद गुजरात के बडोदरा में चल रहा था उपचार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष व कोटद्वार से विधानसभा का चुनाव लड़ चुके धीरेंद्र चौहान का मंगलवार को निधन हो गया। ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद उनका गुजरात के बड़ोदरा स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
स्वजनों से मिली जानकारी के अनुसार, धीरेंद्र चौहान कुछ समय से गुजरात में ही रह रहे थे। कुछ दिन पूर्व ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद उन्हें बडोदरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां मंगलवार को उन्होने अंतिम सांस ली। बताते चलें धीरेन्द्र सिंह चौहान उत्तराखण्ड विधानसभा चुनाव 2022 में कोटद्वार से निर्दलीय प्रत्याशी मैदान में उतरे थे। वह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ ही कई महत्पूर्ण पदों पर भी रह चुके हैं। वर्ष 2018 में उन्होंने अपनी पत्नी को भी नगर निगम कोटद्वार मेयर पद पर निर्दलीय चुनाव लड़वाया था। धीरेंद्र चौहान के निधन पर क्षेत्रवासियों ने शोक व्यक्त किया है। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने भी उनके निधन पर दुख व्यक्त किया।