शीतलहर, पाला और बर्फबारी से निपटने के लिए अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में सर्दियों के दौरान संभावित शीतलहर, पाला और बर्फबारी से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को कोल्ड वेव एक्शन प्लान अपडेट करने और संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बुजुर्ग एवं अकेले रहने वाले व्यक्ति, नवजात एवं छोटे बच्चे, गर्भवती महिलाएं, दिव्यांगजन, गंभीर रोगों से ग्रसित व्यक्ति, बेघर एवं निराश्रित व्यक्तियों की पहचान एवं निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि दूरस्थ एवं बर्फबारी प्रभावित क्षेत्रों में मार्च तक खाद्यान्न, पेट्रोल, डीजल, गैस सिलिंडर और अन्य जरूरी वस्तुओं का अग्रिम भंडारण करने को कहा गया है, ताकि सड़क संपर्क बाधित होने पर भी लोगों को परेशानी न हो। शीतलहर से संबंधित कार्यों के लिए सभी संबंधित विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। उनके नाम, पदनाम एवं मोबाइल नंबर जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र एवं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराते हुए आपसी समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान एवं शीतलहर संबंधी चेतावनियों को जिला स्तर से तहसील, विकासखंड, नगर निकाय, ग्राम पंचायत एवं संबंधित विभागों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाया जाएगा। जनपदों में पूर्व से शीतलहर, पाला, बर्फबारी एवं अत्यधिक कम तापमान से प्रभावित क्षेत्रों को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। विशेष रूप से उच्च हिमालयी, दुर्गम, दूरस्थ एवं सड़क संपर्क से प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर वहां जनजीवन एवं आवश्यक सेवाओं पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को ध्यान में रखते हुए तैयारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *