डोर टू डोर कूड़ा न देने पर 95 लोगों को नोटिस जारी
संवाददाता, हरिद्वार। डोर टू डोर कूड़ा न देने पर नगर निगम ने 95 लोगों को नोटिस जारी किया है। कूड़ा निस्तारण कंपनी केआरएल को सहयोग के लिए सभी लोगों को सात दिन का समय दिया है। इसके बाद भी कूड़ा न देने पर इन लोगों को पांच हजार का जुर्माना लगाया जाएगा। सड़क पर कूड़ा फेंकने वालों के खिलाफ नगर निगम प्रशासन सख्त हो गया है। नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह भंडारी के निर्देश पर अब ऐसे लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। एसएनए विनोद कुमार ने बताया कि नगर निगम की सर्वे टीम ने डार टू डोर कूड़ा न देने वाले 95 लोगों को चिन्हित किया था। शुक्रवार को इन लोगों को नोटिस जारी कर दिया गया। ज्वालापुर में 44, कनखल में 22, मध्य हरिद्वार में 19 और उत्तरी हरिद्वार में अब तक दस लोगों को नोटिस जारी किए गए। विनोद कुमार ने बताया कि सुधार न आने पर इन लोगों के खिलाफ उत्तराखण्ड कूड़ा फेंकना एवं थूकना प्रतिषेध अधिनियम 2016 के तहत कार्रवाई की जाएगी। सर्वे टीम में सेनेट्री इंस्पेक्टर सुनित कुमार, विकास छाछर, श्रीकांत और मनोज कुमार शामिल रहे।