आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे कार्यकर्ता
भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित की गई कार्यशाला
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : बूथ सशक्तिकरण अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी की कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही एक बार फिर केंद्र में मोदी सरकार की वापसी होगी।
बूथ सशक्तिकरण अभियान के अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी की कार्यशाला का आयोजन कोटद्वार विधानसभा के अंतर्गत पनियाली में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक पौड़ी मुकेश कोली, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट गढ़वाली व जिला प्रभारी राकेश नैनवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यशाला में कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों के लिए जुटने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में बूथ सशक्तीकरण, पन्ना प्रमुख, पन्ना टोलियां एवं शक्ति केंद्रों के संयोजन एवं केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई। मुख्य वक्ता प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश कोली ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीति एवं रीति को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कहा कि भाजपा में कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाता है और कार्यकर्ताओं के सहयोग से पार्टी चुनाव जीतती आ रही है। इसलिए हमें आगामी चुनावों के लिए अभी से तैयारी कर लेनी चाहिए। जिला प्रभारी राकेश नैनवाल ने कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उत्तराखंड के पिथौरागढ़ की चर्चा करने पर उनका आभार प्रकट किया। जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत ने कार्यकर्ताओं से आमजन को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मोहन सिंह नेगी, जिला मंत्री राकेश देवरानी व विजयानंद पोखरियाल, जिला मीडिया सह प्रभारी विनोद रावत, भाजयुमो अध्यक्ष शांतनु रावत, उमेश त्रिपाठी सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।