पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि नशे में धुत बोलेरो चालक ने सफर के दौरान 13 वर्षीय नाबालिग छात्र को वाहन का स्टेयरिंग थमा दिया। छात्र वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाया और बोलेरो सड़क किनारे खड़े बोल्डर से टकराकर पलट गई। गनीमत रही कि वाहन खाई की ओर नहीं गिरा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवेकानंद स्कूल गंगोलीहाट के छात्र-छात्राएं एक कोचिंग संस्थान के माध्यम से शिक्षक हिमांशु उप्रेती के साथ बीते रविवार को शैक्षिक भ्रमण पर पिथौरागढ़ गए थे। इस दौरान बच्चों ने गुरना मंदिर और चंडाक क्षेत्र का भ्रमण किया। वापसी के दौरान शिक्षक दूसरी गाड़ी से रवाना हुए, जबकि बोलेरो वाहन में चालक गणेश बुंगला सहित कुल 11 छात्र-छात्राएं सवार थे।
बताया जा रहा है कि बोलेरो चालक नशे की हालत में था। आरोप है कि उसने चलते वाहन में अपने बगल में बैठे 13 वर्षीय छात्र को स्टेयरिंग थमा दिया। कुछ ही देर में छात्र वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट के पास बोलेरो सड़क किनारे बोल्डर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद वाहन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई।
सात छात्र-छात्राएं और चालक घायल
हादसे में कुमतोला निवासी शशि (16), बुंगली निवासी तेजस (13), पाताल भुवनेश्वर निवासी कुमकुम बिष्ट (16), हर्षित (15), प्रियांशु (16), रिया (16) सहित चालक गणेश बुंगला घायल हुए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि
पुलिस ने घटनास्थल पर छात्र-छात्राओं से पूछताछ की। बच्चों ने चालक के नशे में होने और नाबालिग छात्र को स्टेयरिंग सौंपने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उसके शराब के सेवन की पुष्टि हुई। पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने और बच्चों की जान जोखिम में डालने के मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बच्चों की सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
इस घटना ने स्कूली बच्चों को शैक्षिक भ्रमण पर ले जाने वाले वाहन चालकों और आयोजकों की जिम्मेदारी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह है कि यदि चालक नशे में था तो बच्चों को उसकी गाड़ी में सफर क्यों कराया गया? नाबालिग बच्चे को स्टेयरिंग सौंपना बेहद गैर-जिम्मेदाराना कदम है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई और स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी बेहद जरूरी है।