बारिश ने खोली निगम की पोल, पानी-पानी हुआ शहर
नालियों की सफाई नहीं होने से सड़कों पर जमा हुआ बारिश का पानी
जगह-जगह जमा गंदे पानी के कारण आमजन को उठानी पड़ी समस्याएं
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एक तरफ नगर निगम शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के दावे कर रहा है। वहीं, शुक्रवार को हुई बारिश ने निगम की पोल खोलकर रख दी। शहर में नालियों की सफाई नहीं होने के कारण सड़कें तालाब के रूप में तब्दील हो गई। ऐसे में आवाजाही करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। जगह-जगह जमा गंदे पानी के कारण आमजन का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया।
कोटद्वार नगर निगम बनने से शहरवासियों को बेहतर विकास की उम्मीद थी। लेकिन, नगर निगम सड़क किनारे नालियों की सफाई भी नहीं करवा पा रहा है। नतीजा शुक्रवार को हुई बारिश से सड़कें लबालब पानी से भर गई। शहरवासियों का सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। सबसे बुरी स्थिति देवी रोड, पुराना सिद्धबली मार्ग सहित भाबर क्षेत्र की कई सड़कों पर देखने को मिली। गंदा पानी लोगों के घरों के पास तक जमा हो गया है। देवी रोड निवासी सुधीर कुमार, बबीता देवी, मुन्नी देवी ने बताया कि थोड़ी सी बारिश ने शहर की सड़कों को तालाब बना दिया है। यदी जल्द ही नालियों की सफाई का कार्य नहीं किया गया तो बरसात में स्थिति और विकराल हो सकती है। यही नहीं वार्ड क्षेत्रों में भी मार्गों पर कीचड़ जमा हो गया है। गंदे पानी से उठ रही दुर्गंध के कारण बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
आमजन भी बना है लापरवाह
बरसात के पानी की बेहतर निकासी के लिए सड़कों के किनारे नालियां बनाई गई है। लेकिन, कई लोग घरों का कूड़ा नालियों में डाल देते हैं। जिससे पानी की निकासी नहीं हो पाती। यही नहीं बरसात में नालियों की गंदगी भी सड़कों पर जमा हो जाती है। कई स्थानों पर तो अतिक्रमण के कारण नालियों का अस्तित्व ही समाप्त हो चुका है।