शेड डालकर सब्जी व फल विक्रेताओं को मुहैया करवाई जाएगी जगह
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : शहर की सड़कों पर घूम रही रेहड़ी-ठेली व फड़ वालों को जगह उपलब्ध करवाने के लिए गाड़ीपड़ाव को सब्जी मंडी में तब्दील किया जाएगा। इसके लिए बकायदा शेड डालकर दुकानें लगाई जाएंगी। इससे शहर की यातायात व्यवस्था में भी काफी सुधार होगा।
वर्ष 2017-18 में नगर निगम व स्थानीय प्रशासन ने गोखले मार्ग व पटेल मार्ग को खाली करवाते हुए सब्जी विक्रेताओं को गाड़ीपड़ाव में शिफ्ट किया। लेकिन, कुछ दिनों के बाद ही सब्जी विक्रेता गाड़ीपड़ाव को छोड़ शहर में जगह-जगह सड़कों पर रेहड़ी-ठेली लगाने लगे। यही स्थिति वर्तमान में भी है। नतीजा, गोखले मार्ग, पटेल मार्ग में जहां सब्जी-फल की फड़-रेहड़ियों के कारण पैर रखने की जगह नहीं मिलती, वहीं, हाईवे सहित अन्य मुख्य मार्गों में भी सड़क किनारे लगी रेहड़ी-ठेली खतरा बनी रहती हैं। अव्यवस्थाओं के कारण सड़कों पर पूरी तरह जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोग कई बार प्रशासन से व्यवस्थओं में सुधार की मांग करते आ रहे है।
बॉक्स समाचार
पूर्व में बनाई गई थी योजना
शहर में जगह-जगह घूमने वाले रेहड़ी-ठेली वालों के लिए नगर निगम व प्रशासन की ओर से नजीबाबाद रोड स्थित गाड़ीपड़ाव में जगह चिह्रित की गई थी। योजना यह थी कि सब्जी व फल खरीदने के लिए आने वाले ग्राहकों को बाजार में नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही रेहड़ी-ठेली वालों को एक स्थान भी मिल जाएगा। जिससे व्यवस्थाओं में सुधार होगा।
यह है वर्तमान स्थिति
नगर निगम ने कुछ दिन पूर्व गाड़ीपड़ाव को पूरी तरह खाली करवा दिया। नई योजना के तहत नगर प्रशासन शेड निर्माण करवा रहा है। जहां फल-सब्जी की दुकाने लगेंगी। शेड निर्माण के लिए निविदाएं निकालने के बाद वर्क आर्डर भी जारी कर दिया गया है। शेड में दुकानें उन्हीं व्यापारियों को आवंटित होंगी जो नगर निगम में पंजीकृत होंगे।