केंद्र सरकार के दफ्तरों से निकली 500 करोड़ रुपए की रद्दी, खाली हुई 154 लाख वर्ग फुट जगह

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों में लंबित जन शिकायतों के निस्तारण तथा अनुपयोगी पत्रावलियों आदि के निस्तारण के तीसरे (3.0) विशेष स्वच्छता अभियान के तहत 4.75 लाख जन शिकायतों का निपटारा करने से कुल 23.09 लाख पत्रावलियों (कागजी और इलेक्ट्रानिक) का निस्तारण किया गया।
देश भर में विभिन्न विभागों के कुल 2.53 लाख जगहों पर सरकारी कार्यालयों में ये अभियान गांधी जयंती से 31 अक्तूबर तक चलाए गए। इससे 154 लाख वर्ग फुट कार्यालय स्थान मुक्त किया गया और रद्दी फाइलें तथा बेकार पड़े सामानों के निपटाने से 500 करोड़ रुपए का राजस्व जुटाया गया। कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने स्वच्छता और लंबित शिकायतों की फाइलों के निस्तारण के इस विशेष अभियान 3.0 के मंगलवार को सफलतापूर्वक समापन की घोषणा की। मंत्रालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार डा. सिंह ने तीसरे अभियान के समापन पर कहा कि विशेष अभियान 3.0 स्वच्छता को संस्थागत बनाने और लंबित मामलों को कम करने के लिए देश का सबसे बड़ा अभियान था।
विज्ञप्ति के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों से प्रेरित होकर देश के दूरदराज के हिस्सों में 2.53 लाख से अधिक कार्यालयों को कवर करने वाले स्वच्छता अभियान के लिए ‘विशेष अभियान 3.0’ में पूर्ण निस्तारण दृष्टिकोण अपनाया गया। विज्ञप्ति के अनुसार वर्ष 2021-2023 की अवधि में अब तक इस तरह के कुल तीन विशेष अभियानों 1.0, 2.0 और 3.0 में कार्यालय स्क्रैप के निपटान से 1100 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है। विशेष अभियान 3.0 की समीक्षा कैबिनेट मंत्रियों, राज्य मंत्रियों, कैबिनेट सचिव और सचिवों द्वारा की गई, जिन्होंने कार्यान्वयन में नेतृत्व और मार्गदर्शन प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *