नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पीआरडी का जवान गिरफ्तार
जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : सतपुली क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म कर उसे गर्भवती बनाने वाले पीआरडी के जवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले में पीड़िता के पिता की ओर से सतपुली पुलिस को तहरीर दी गई थी। बताया कि कुछ दिन पूर्व उनकी 13 वर्षीय पुत्री के पेट में अचानक दर्द होने लगा। जिसके बाद उसकी मां उसे पास के अस्पताल में लेकर गई। जहां पता चला कि उनकी पुत्री गर्भवती है। बताया कि जब पुत्री से पूछा गया तो उसने बताया कि पीआरडी में तैनात गजपाल सिंह ने उसके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसने किसी को भी यह बात बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी। सतपुली थाना प्रभारी दीपक तिवाड़ी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी गजपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।