चोटिल रवि बिश्नोई ने नहीं मानी हार, पट्टी लगाकर मैदान पर उतरे और जिता दिया मैच
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम और श्रीलंका क्रिकेट टीम के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला शनिवार को पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। भारत ने यह मैच 43 रन से अपने नाम किया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 213 रन बनाए। 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत अच्छी रही। इसके बाद गेंदबाजों ने भारतीय टीम की वापसी कराई। इस बीच रवि बिश्नोइ चोटिल हो गए। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी। वह पट्टी लगाकर मैदान पर उतरे और विकेट भी चटकाया।16वें ओवर की पहली गेंद पर कामिंदु मेंडिस ने सामने की तरफ शॉट लगाया। फॉलोथ्रू में रवि बिश्नोई ने एक हाथ से कैच लपकने का प्रयास किया। इस दौरान वह जमीन पर गिरे और गेंद जमीन से लगकर उनकी बाईं आंख के नीचे जा लगी। इसके बाद तुरंत फिजियो मैदान पर आए और रवि बिश्नोई को पट्टी लगाई गई। चोटिल होने के बाद भी बिश्नोई ने अपना ओवर पूरा किया। ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने श्रीलंका के कप्तान चरिथ असलंका को अपना शिकार बनाया। असलंका ने 2 गेंदों का सामना किया और वह खाता तक नहीं खोल सके। मुकाबले में रवि बिश्नोई के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 4 ओवर गेंदबाजी की। इस दौरान उन्होंने 9.2 की इकॉनमी से 37 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया।