– नगर कीर्तन में गतका पार्टियों के करतब ने किया रोमांचित
देहरादून। दसवें गुरु साहिब श्री गुरु गोबिन्द सिंह जी के 358 वें पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा आढत बाजार के तत्ववाधान में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन गुरुद्वारा साहिब करनपुर से किया गया। संगत द्वारा गुरुबानी गायन से द्रोण नगरी गूंज उठी। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज को शीश निवा कर मत्था टेक गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। गुरुद्वारा साहिब करनपुर में अरदास के पश्चात श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी को पंज प्यारों की अगुआई में सुन्दर फूलों से सजी पालकी साहिब में विराजमान कर नगर कीर्तन की शुरुआत हुई। संगत गुरु साहिब जी को मत्था टेक आशीर्वाद लेने के लिए उत्सुक दिखाई दी। नगर कीर्तन गुरुद्वारा करनपुर से सर्वे चौक, क्वालिटी चौक, घंटाघर, पलटन बाजार, धामावाला बाजार, लक्खीबाग पुलिस चौकी से देर शाम गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचकर सम्पन्न हुआ। नगर कीर्तन के लिए गुरुद्वारों एवं घंटाघर पर सुन्दर लाइटिंग की गई थी। पंज प्यारों की भेष भूषा में सजे स्कूली बच्चे, जगह-जगह लगे जलपान के स्टॉल, सड़क से दोने पतल आदि उठाने की सेवा करते श्रद्धालु चल रहे थे। सेवादार ट्रैफिक कण्ट्रोल में पुलिस का सहयोग करते नजर आए ताकि जनता को कोई परेशानी न हो और नगर कीर्तन सुचारू रूप से चले। यह सेवा नौजवान जत्थों ने सम्भाली। जिसमें मुख्यता गुनीत सिंह, अंगद सिंह, सुरज सिंह, मक्खन सिंह, अर्जन सिंह आदि शामिल थे। गुरु सिंह सभा प्रधान गुरबक्श सिंह राजन ने कहा कि गुरुपर्व मनाने की सभी तैयारियां कर ली गई हैं। महासचिव गुलज़ार ने बताया कि गुरु गोबिन्द सिंह जी का प्रकाश पर्व 06 जनवरी को प्रातः साढ़े 3 बजे से अपराह्न 4 बजे तक गुरुद्वारा रेसकोर्स के खुले सुन्दर पंडाल में कथा-कीर्तन के रूप में मनाया जायेगा। रात्रि का दीवान गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में शाम साढ़े 6 बजे से रात्रि साढ़े 9 बजे तक सजेगा।