विकासनगर। नामांकन प्रक्रिया के बाद जीत हासिल करने के लिए सियासी दलों ने अधिक से अधिक लोगों को अपनी पार्टी से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। विकासनगर के बाद अब सेलाकुई में भी दर्जनों कांग्रेसियों ने भाजपा का दामन थाम लिया है। विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, चुनाव प्रभारी विनय रोहिला और जिलाध्यक्ष मीता सिंह ने सभी कांग्रेसियों का भाजपा में स्वागत किया। विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार है। अब उन्हें नगर में भी भाजपा की सरकार बनानी है। इससे ट्रिपल इंजन की सरकार में नगर का समुचित विकास हो सकेगा। उन्होंने भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान की अपील की। इस दौरान पूर्व सैनिक और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता चंद्र सिंह बिष्ट अपने दर्जनों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। पूर्व सैनिक चंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा की नीतियों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा ज्वाइन की है। इस दौरान विधायक ने भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन भी किया। इस दौरान भाजपा के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी भगत सिंह राठौड़ और नौ वार्डों के सभासद प्रत्याशी मौजूद रहे।