जयन्त प्रतिनिधि। कोटद्वार : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते हुए कांग्रेस प्रत्याशी रंजना रावत व पार्षदों के लिए वोट मांगें। कहा कि भरतीय जनता पार्टी जमीनी मुद्दों से जनता का ध्यान भटका रही है। विकास के नाम पर केवल जनता को गुमराह करने का कार्य किया गया है। लेकिन, अब जनता भी भाजपा की चाल को समझ चुकी हैं। कहा कि इस बार निकाय चुनाव में कांग्रेस जनता के आशीर्वाद से बेहतर प्रदर्शन करने जा रही है।
करन माहरा ने विभिन्न वार्डों का भ्रमण करते हुए महापौर प्रत्याशी रंजना रावत व पार्षद प्रत्याशियों के लिए वोट मांगें। उन्होंने कहा कि जनता विकास चाहती है। लेकिन, भाजपा विकास से ध्यान हटाकर धर्म, जाति के नाम पर लोगों को बांटने का प्रयास करती है। कहा कि कांग्रेस सदैव विकास को ही अपना उद्देश्य मानती है। इसलिए निकाय चुनाव में जनता ने शहर का बेहतर विकास करवाने का मन बना लिया है। कहा कि यदि कोटद्वार में महापौर प्रत्याशी की जीत होती है तो जनता से बेवजह टैक्स नहीं वसूलने दिया जाएगा। हम केवल वादें नहीं बल्कि हर वादें को पूरा करना भी जानते हैं। कहा कि कोटद्वार शहर का बेहतर विकास केवल कांग्रेस के कार्यकाल में ही हुआ है। भाजपा ने कभी भी कोटद्वार के विकास को गंभीरता से नहीं लिया।