जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : भाजपा ने पौड़ी नगर पालिका की सीट गवां दी है। भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी से लेकर कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत, सतपाल महाराज ने जनसभा कर मतदाताओं से वोट मांगे थे, लेकिन इसके बाद भी भाजपा को अपने कब्जे की इस सीट पर हार का सामना करना पड़ा। भाजपा यहां तीसरे नंबर पर रही। पिछली बार बीजेपी से प्रत्याशी यशपाल बेनाम ने रिकार्ड मतों से जीत हासिल की थी, लेकिन पहली बार महिलाओं के लिए आरक्षित हुई सीट पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।
बीजेपी को जहां बागियों से दिक्कतों का सामना करना पड़ा तो वहीं, कांग्रेस के भी दो पदाधिकारियों ने टिकट नहीं मिलने से पार्टी छोड़ दी थी। जिसका फायदा निर्दलीय प्रत्याशी हिमानी नेगी को मिला। पहली बार महिलाओं के आरक्षित हुई पौड़ी नगर पालिकाध्यक्ष की महिला सीट पर 6 प्रत्याशी मैदान में थे। भाजपा से सुषमा रावत, कांग्रेस से यशोदा नेगी के साथ ही निर्दलीय हिमानी नेगी के साथ बीजेपी की बागी प्रियंका थपलियाल, बीरा भंडारी, कुसुम चमोली मैदान में थी। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर तीन बागी मैदान में उतर गए, लेकिन भाजपा अपने बागियों को मनाने में नाकामयाब रही। भाजपा नेता केशर सिंह नेगी की पत्नी को टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय हिमानी नेगी भी मैदान में उतर गई। जिससे बीजेपी को निकाय चुनाव में हार का मुंह देखना पड़ा। निकाय चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी यशोदा नेगी दूसरे तो भाजपा प्रत्याशी सुषमा रावत तीसरे, बीजेपी से बागी कुसुम चमोली चौथे, प्रियंका थपलियाल पांचवें व बीरा भंडारी छठवें नंबर पर रही।