राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी

Spread the love

– नया भारत हर क्षेत्र में प्रगति करते हुए वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है : राज्यपाल
देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने गणतंत्र दिवस की 75वीं वर्षगांठ पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में राज्यपाल ने इस शुभ अवसर पर देश की एकता और अखंडता की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों को स्मरण कर श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी, भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पी बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी और संविधान निर्माताओं को भी नमन किया है।राज्यपाल ने कहा कि हमने देश की आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक भारतवर्ष को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। हम इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। आज का नया भारत हर क्षेत्र मंे प्रगति करते हुए वैश्विक मंच पर एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। आज हमारी उपलब्धियाँ केवल आर्थिक या सैन्य ताकत तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विज्ञान, टेक्नोलॉजी, शिक्षा, संस्कृति और खेल आदि सभी क्षेत्रों में भारत ने अद्वितीय सफलता हासिल की है।उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनना भारत की तेज प्रगति का सूचक है। हाल के वर्षों में हमने ‘‘मेक इन इंडिया’’ और ‘‘आत्मनिर्भर भारत’’ जैसे अभियानों के माध्यम से उत्पादन और निर्यात को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। भारत अब विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है जो हमारे युवा उद्यमियों की रचनात्मकता और मेहनत का परिणाम है। आज हर क्षेत्र में हो रहे तेजी से विकास के कारण देश के युवाओं के लिए नए भारत में अवसरों की भरमार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *