विस अध्यक्ष ने कुष्ठ आश्रम में रह रहे लोगों का जाना हाल
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूडी भूषण ने अपने जन्मदिन पर कुष्ठ आश्रम में रह रहे लोगों को राशन व अन्य सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने दिव्यांग बच्चों को भी शैक्षणिक सामग्री दी। साथ ही दिव्यांग व अन्य लोगों कोे सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने को कहा।
बुधवार को जन्मदिन पर सबसे पहले ऋतु खंडूडी भूषण ने श्री सिद्धबली बाबा के दर्शन किए। इसके उपरांत उन्होंने काशीरामपुर स्थित गौशाला में पहुंचकर गाय को चारा खिलाया। यही से गाड़ीघाट कुष्ठाश्रम में पहुंची विधानसभा अध्यक्ष ने वहां रह रहे कुष्ठ रोगियों का हाल जाना। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब व आसहाय व्यक्तियों के लिए सरकार कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। अधिक से अधिक परिवारों को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। सरकार गरीब व्यक्ति के लिए मुफ्त इलाज की योजना भी चला रही है। विस अध्यक्ष ने निंबूचौड़ स्थित दिया दिव्यांग संस्थान का भी दौरा किया। उन्होंने दिव्यांग छात्रों से उनका हाल जाना। साथ ही उन्हें शिक्षण सामग्री भी वितरित की। कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य तय कर आगे बढ़ना चाहिए। जन्मदिन पर विधानसभा अध्यक्ष का जगह-जगह स्वागत भी किया गया।