जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : स्वास्थ्य विभाग पौड़ी के तत्वावधान में 3 से 10 फरवरी 2025 तक अनीमिया मुक्त उत्तराखंड के अंतर्गत जनपद में गर्भवती महिलाओं के लिए पल्स अनीमिया महा अभियान का शुभारंभ किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी पौड़ी डॉ. प्रवीण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान जनपद के सभी स्वास्थ्य केंद्रों व आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा पंजीकृत सभी गर्भवती महिलाओं की अनीमिया जांच एवं नि:शुल्क उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्भावस्था के दौरान अनीमिया न केवल मां के स्वास्थ्य पर असर डालता है, बल्कि शिशु के कम वजन, समय से पहले जन्म और प्रसव के दौरान होने वाली जटिलताओं का कारण भी बन सकता है। महिला के प्रसव के बाद मां और बच्चा दोनों स्वस्थ रहें, इसलिए गर्भवती महिला की अनीमिया की जांच अति आवश्यक है। जिसके लिए 10 फरवरी 2025 तक पल्स अनीमिया महा अभियान की शुरुआत की जा रही है। जिसके अंतर्गत गर्भवती महिलाओं के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में अनीमिया की जांच, गंभीर अनीमिया से ग्रसित महिलाओं का उपचार व रोकथाम के उपाय संबंधी जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही हाई रिस्क प्रेगनेंसी वाली गर्भवती महिलाओं को राजकीय चिकित्सा इकाइयों में उपचार करने पर 100 रूपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी, जो कि अधिकतम 3 बार प्रदान की जाएगी।