जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्ताखंड क्रांति दल ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) में शामिल लिव-इन रिलेशन कानून को समाप्त करवाने की मांग की है। कहा कि यदि 15 दिन के भीतर कानून को समाप्त नहीं किया गया तो उक्रांद 18 फरवरी से आक्रोश रैली निकालेगा।
शुक्रवार को उक्रांद कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। उक्रांद के नेता डा. शक्तिशैल कपरवाण ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है। इस भूमि पर लिव-इन रिलेशन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि सरकार 15 दिन के भीतर इस कानून को समाप्त नहीं करती तो इसके खिलाफ आक्रोश रैली निकाली जाएगी। रैली में एक वर्ष की अवधि तक उत्तराखंड में निवास करने वाले दूसरे प्रदेश के नागरिक को उत्तराखंड के समान नागरिक का दर्जा देने का भी विरोध होगा। रैली में भू-कानून व मूल निवास की मांग भी की जाएगी। आंदोलन को सफल बनाने के लिए संयोजक मंडल का भी गठन किया गया है। कार्यक्रम में हरीश द्विवेदी, उम्मेद सिंह भंडारी व हरीश ध्यानी को जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही केंद्रीय महामंत्री सत्यप्रकाश भारद्वाज को सांगठनिक अभियान का प्रमुख संचालक और पुष्कर सिंह रावत को प्रचार अभियान का प्रमुख बनाया गया है। सभी केंद्रीय व महानगर के पदाधिकारी अभियान के सदस्य होंगे।