अल्मोड़ा। भाजपा ने मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद जिलाध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया शुरू कर दी है। अल्मोड़ा में जिलाध्यक्ष पद के लिए दस पदाधिकारियों ने दावेदारी पेश की है, जिनमें वर्तमान महामंत्री समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। दो महिला पदाधिकारी भी इस दौड़ में शामिल हैं। बृहस्पतिवार को पातालदेवी स्थित पार्टी कार्यालय में एक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पर्यवेक्षक बलवंत भौर्याल, तरुण बंसल और राकेश नैनवाल ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ रायशुमारी की। बैठक में चुनाव अधिकारी खिलेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे। भाजपा के सांगठनिक जनपद अल्मोड़ा में जिलाध्यक्ष पद पर दावेदारी करने वालों में वर्तमान जिला महामंत्री धर्मेंद्र बिष्ट, महेश नयाल, ललित दोसाद, महिपाल बिष्ट, दर्शन रावत, संजय डालाकोटी, प्रकाश भट्ट, दीपक पांडे, बीना नयाल और पूनम पालीवाल के नाम शामिल हैं। चुनाव अधिकारी खिलेंद्र चौधरी ने कहा कि भाजपा एक लोकतांत्रिक पार्टी है, जो अपने सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करती है। पार्टी सभी से रायशुमारी कर दावेदारों का पैनल तैयार करती है। उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं की राय जानी है, और जिलाध्यक्ष पद के इच्छुक दावेदारों का पैनल बनाकर प्रदेश नेतृत्व को सौंपा जाएगा। चर्चा के बाद जिलाध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। यहाँ बैठक में जिला पदाधिकारी, मोर्चों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष समेत अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।