जयन्त प्रतिनिधि।
सतपुली : नगर पंचायत सतपुली के नयारघाटी में बीते गुरुवार सुबह से हो रही बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। बारिश शुक्रवार को भी जारी रही। बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। सड़कों पर निर्माण कार्य के चलते मिट्टी बहने से फिसलन हो गई है। जिससे दुपहिया वाहन समेत लोगों का चलना दूभर हो गया है। बारिश से बाज़ार में लोगों की चहल कदमी कम दिखाई पड़ी। बारिश से कोटद्वार-सतपुली राजमार्ग, बांघाट, देवप्रयाग व दुधारखाल मोटर मार्ग में मिट्टी बहने से फिसलन हो गई है। सड़कों पर पहाड़ी से गिरे पत्थरों से खतरा बना हुआ है। एकेश्वर मोटर मार्ग के सड़कों पर बने पुस्तों में दरारें आ गई हैं। जिसके चलते यहां से गुजरने वाले वाहन और लोगों को खाशी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।