जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : सतपुली पुलिस ने हिमालय गढ़वाल विश्वविद्यालय पोखड़ा के विद्यार्थियों को साइबर के साथ ही नशे के प्रति जागरूक किया। कहा कि विद्यार्थियों को सोच समझकर इंटरनेट का उपयोग करना चाहिए। एक छोटी की लापरवाही आपको भारी नुकसान पहुंचा सकती है।
थानाध्यक्ष सतपुली दीपक तिवाड़ी के नेतृत्व में विश्वविद्यालय में कार्यशाला का आयोजन किया गया। पुलिस ने बताया कि वर्तमान में साइबर अपराध लगातार बढ़ता जा रहा है। साइबर अपराधी तरह-तरह के हथकंडे अपना कर आमजन को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में हमें जागरूक होना होगा। किसी भी अनजान वेबसाइट पर क्लिक न करें। साथ ही फोन पर किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने बैंक से संबंधित जानकारी न दें। अपने मोबाइल फोन में आने वाले ओटीपी को भी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस या संबंधित बैंक से संपर्क करें। कार्यशाला में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति भी जागरूक किया गया। कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है। हम सभी को एकजुट होकर इसके खिलाफ कार्य करना चाहिए। कार्यशाला में यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाने का संकल्प लिया।