एनएसटीआई का कर्मचारी सरकारी आवास में फंदे से लटका मिला

हल्द्वानी। काठगोदाम थाना क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान(एनएसटीआई) का कर्मचारी सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित किया। शनिवार को परिजन पहुंचे तो शव का पोस्टमार्टम कराया गया। काठगोदाम क्षेत्र में भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थान संचालित किया जाता है। जहां शिल्पकार प्रशिक्षण, उन्नत कौशल प्रशिक्षण व प्रशिक्षु प्रशिक्षण योजनाओं के तहत स्किल प्रशिक्षण दिया जाता है। पुलिस के मुताबिक इस संस्थान में हरियाणा के भिवानी निवासी 31 वर्षीय अमित कुमार पुत्र सुभाष चंद्र ट्रेनर के रूप में तैनात थे। वह संस्थान में बने सरकारी आवास के एक कमरे में रहते थे। शुक्रवार को जब वे काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकले तो अन्य कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। एसओ काठगोदाम दीपक बिष्ट टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा। अंदर जाकर देखा तो अमित फंदे पर लटके मिले। तत्काल उन्हें एसटीएच पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर ने कर्मचारी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद मृतक का बिसरा सुरक्षित रख लिया है। एसओ ने बताया कि कमरे की तलाशी ली गई लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। हालांकि एक डायरी उनके कमरे से मिली है। जिसमें कुछ पत्र मिले हैं। इनकी जांच की जा रही है। घटना के बाद फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। लेकिन मौत की वजह अब तक सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *