सड़क मरम्मत के लिए एक करोड़ का बजट जारी

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : दुगड्डा से ढौंटियाल के बीच बदहाल हुई सड़क की हालत सुधारने की तैयारी लोक निर्माण विभाग दुगड्डा ने शुरू कर दी है। शासन ने सड़क के सात किमी. हिस्से के मरम्मतीकरण के लिए एक करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। दरअसल, लक्ष्मणझूला-दुगड्डा-धुमाकोट स्टेट हाईवे में दुगड्डा से ढौंटियाल के बीच करीब 22.5 किमी. सड़क की स्थिति लम्बे समय से खराब बनी हुई है। दुगड्डा से दो किमी. आगे दुगड्डा तक सड़क की हालत सबसे ज्यादा खराब है। मार्ग से रिखणीखाल और नैनीडांडा ब्लॉक के दर्जनों गांवों के ग्रामीणों के साथ ही नॉर्थ कार्बेट क्षेत्र के अंतर्गत हल्दूपड़ाव, कांडा, मैदावन, लोहाचौड़ तक पर्यटक आवाजाही करते हैं। सड़क खराब होने के कारण ग्रामीणों के साथ ही पर्यटकों को मार्ग से जान जोखिम में डालकर यात्रा करनी पड़ती है। लोनिवि दुगड्डा के अपर सहायक अभियंता कपिल चौहान ने बताया कि स्टेट हाईवे पर दुगड्डा और ढौंटियाल के बीच सात किमी. सड़क की मरम्मत के लिए शासन से एक करोड़ का बजट स्वीकृत हुआ है और इसके तहत कार्य भी शुरू हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *