देश के कई राज्यों में गर्मी का कहर शुरू, पंजाब में आसमां से बरसेगी आग

नई दिल्ली ,मई का आधा माह गुजर गया है और गर्मी ने देश के कई राज्यों में जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में धूप कहर ढा रही है। देहरादून में तापमान 37 डिग्री के करीब पहुंच गया है, और कई जगहों पर 40 डिग्री तक। हालांकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जैसे पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं बारिश और तेज़ हवा चलने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, खासकर आंधी और बिजली को लेकर। वहीं राजस्थान की बात करें तो बीते 24 घंटे में राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बीकानेर में 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सिरोही में 21.7 डिग्री तापमान रहा।
आज (15 मई) एक बार फिर बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा संभाग के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ आंधी और हल्की-मध्यम बारिश होने की संभावना है। छत्तीसगढ़ के भिलाई जिले में मौसम विभाग ने कहा है कि 20 मई तक गर्मी अभी और हलाकान करेगी। तेज धूप के साथ उमस में इजाफा होगा। हवा की आद्रता बढ़ेगी, जिससे चिपचिपाहट वाली गर्मी का अहसास होगा। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ।
पंजाब में गर्मी के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। बुधवार को पंजाब में पारा 43.6 डिग्री पहुंच गया। तापमान में 1.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जिससे पंजाब का पारा सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर हो गया है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले चार दिनों के दौरान तापमान में दो से तीन डिग्री वृद्धि की संभावना जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *