शहर में निकली बाबा की भव्य शोभायात्रा, उमड़ा जनसैलाब

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार नगर में शुक्रवार शाम आस्था का सैलाब उमड़ा। मौका था श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान के मौके पर निकली सिद्धबाबा की भव्य शोभायात्रा की। बड़ी तादाद में उमड़ी जनसमूह ने सिद्धबाबा की शोभायात्रा देखी व बाबा का आशीर्वाद लेने के साथ ही प्रसाद ग्रहण किया।


शुक्रवार से श्री सिद्धबली मंदिर समिति के तत्वावधान में तीन दिवसीय श्री सिद्धबली बाबा वार्षिक अनुष्ठान का शुभारंभ हो गया है। पहले दिन सुबह पूजा अर्चना के बाद शाम के समय शहर में भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। बदरीनाथ मार्ग टाटा के समीप से निकली गई शोभा यात्रा का शुभारंभ विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने किया। शोभायात्रा बदरीनाथ मार्ग, झंडाचौक नजीबाबाद रोड से होते हुए देवी रोड पहुंची। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने फूल-माला बरसाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। विभिन्न समितियों की ओर से शहर के मुख्य चौराहों पर प्रसाद वितरण भी किया गया। शोभायात्रा में सबसे आगे सिद्धबाबा की ध्वजा लिए हाथी पर सवार वाहक चल रहा था। शोभायात्रा में शामिल राम मंदिर में विराजे राम लल्ला की भव्य झांकी अनायास ही अपनी ओर ध्यान आकृष्ट कर रही थी। इसके अलावा गणेश जी की झांकी, महाबली हनुमान, भोले बाबा का अघोरी नृत्य, श्री कृष्ण रासलीला की झांकियां, शिव परिवार, राधा-कृष्ण पर आधारित झांकी खासी आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा बैंड वादकों ने भी लोगों को आकर्षित किया। शोभयात्रा में गढ़वाल की संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। शोभायात्रा में शामिल सिद्धबाबा के डोले पर सिर नवाकर श्रद्धालुओं ने सिद्धबाबा का आशीर्वाद लिया। विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने भी भजनों की प्रस्तुति दी। देर रात शोभायात्रा देवी मंदिर तिराहे पर जाकर संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *