आपदा प्रभावित सेरा गांव में लगी पशु प्रदर्शनी
पिथौरागढ़। पशुपालन विभाग ने आपदा प्रभावित गांव सेरा में पशु प्रदर्शनी लगाई। प्रदर्शनी में क्षेत्र के लोगों ने पशुओं के साथ भाग लिया। विभाग ने उन्नत पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार दिए। प्रदर्शनी में सोवन सिंह की गाय चैंपियन रही। सोमवार को सेरा में पशु प्रदर्शनी लगी, जिसमें क्षेत्र के लोगों ने अपने पशुओं के साथ भाग लिया। सोवन सिंह की गाय चैंपियन रहीं। जबकि दमयंती देवी की गाय को दूसरा व खिमुली देवी की गाय को तीसरा स्थान मिला। देशी गाय वर्ग में हरुली देवी पहले, कमला देवी व नंदी देवी तीसरे स्थान पर रहीं। विभाग ने किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार देकर उन्हें सम्मानित किया। पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विजय प्रजापति ने कहा आपदा प्रभावितों को पशुपालन से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। इसके लिए सरकारी तौर पर कई योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनका लाभ क्षेत्र के लोगों को लेना चाहिए। कहा उन्नत पशुपालन आपदा पीड़ितों की आय का बेहतर जरिया बन सकता है। इसके लिए विभाग उन्हें हरसंभव मदद करेगा। डॉ. एम खालिद व डॉ. लवराज मर्तोलिया ने निर्णायक की भूमिका निभाई। आपदा पीड़ितों ने विभाग के इस प्रयास को जमकर सराहा। इस मौके पर फार्मासिस्ट अनिल कुमार, कमल उप्रेती, पुष्कर राम सहित कई किसान शामिल रहे।