भूस्खलन के मलबे में फंसी बस, 20 लोग बाल-बाल बचे

लंबगांव (टिहरी)। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच बिजपुर-पनियाला मोटर मार्ग पर अचानक भूस्खलन होने से भारी मलबा आने से ऋषिकेश से भैंतलाखाल जा रही एक बस फंस गई। बस सड़क से बाहर जाने से बाल-बाल बची। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस में सवार सभी 20 यात्रियों को सुरक्षित उतार दिया। मलबा आने से करीब तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
रविवार को बस दोपहर एक बजे लंबगांव से भैंतलाखाल के लिए रवाना हुई थी। किलोमीटर चार के पास सड़क पर अचानक भारी मलबा आने से बस उसमें फंस गई। चालक ने तत्काल यात्रियों को बस से उतरने को कहा। परिचालक ने बस के पिछले पहियों के नीचे पत्थर लगाकर उसे रोकने का प्रयास किया। बाद में यात्री दूसरे वाहनों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। करीब तीन घंटे बाद जेसीबी पहुंची और मलबा हटाकर बस को सुरक्षित निकाला गया। इस दौरान सड़क पर लगातार मलबा आने की स्थिति बनी रही। बीडीसी सदस्य नरेश नेगी, सुरेंद्र सिंह नेगी ने घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी। थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोनिवि को सड़क की स्थिति से अवगत कराया। बाद में जेसीबी से मलबा हटाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *