पोखरी। चांदनीखाल-कांडईचंद्रशिला सड़क चार महीने से बंद पड़ी है। इससे ग्रामीणों को पैदल ही आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीणों ने लोनिवि से जल्द से जल्द सड़क को सुचारू करने की मांग उठाई है।
चांदनीखाल से रडुवा होते हुए कांडई चंद्रशिला तक करीब तीन किमी सड़क का निर्माण वर्ष 2024-25 में हुआ। लेकिन जुलाई माह में बारिश के दौरान सड़क बाधित हो गई। कहीं मलबा पड़ा है तो कहीं पुस्ते टूटे हुए हैं। रडुवा में करीब 200 और कांडई चंद्रशिला में करीब 100 परिवार निवास करते हैं। ग्रामीणों को चांदनीखाल व पोखरी बाजार तक आने के लिए पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है।
रडुवा की प्रधान मनीषा देवी, प्रदीप बत्र्वाल, मदन सिंह भंडारी, देवेंद्र सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता को इस संबंध में ज्ञापन भेजा है। उन्होंने जल्द से जल्द सड़क पर यातायात सुचारू करवाने और सड़क पर द्वितीय चरण का कार्य शीघ्र आरंभ कराने की मांग की है।