देवाल। थराली-देवाल-वाण मार्ग के सुधारीकरण कार्य की सुस्त चाल और घटिया निर्माण से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। 22 किमी लंबे मार्ग पर हॉटमिक्स का काम शुरू हुए 7 महीने बाद भी केवल 7 किमी सड़क ही सुधर पाई है जबकि इसे नवंबर तक पूरा किया जाना है। 32 करोड़ रुपये के इस बजट से हॉटमिक्स, नाली निर्माण, स्कपर और 2845 मीटर क्रश बैरियर लगने हैं। व्यापार संघ के जिला उपाध्यक्ष केडी मिश्रा समेत स्थानीय लोगों ने विभाग व ठेकेदार पर सरकारी धन के दुरुपयोग का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि साइट पर विभागीय अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण मानकों की अनदेखी हो रही है। दो महीने पहले बनी नाली का सीमेंट भी उखड़ने लगा है। वहीं लोनिवि के ईई मनीष डोगरा ने बताया कि ठेकेदार को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। अभी डामर की एक और लेयर बिछाई जानी है और उखड़ी हुई नाली को नियमानुसार दोबारा दुरुस्त किया जाएगा।