चीड़ के पेड़ों के बीच फंसी बस, टला बड़ा हादसा

भदालीखाल के छोटा भेल्डा के समीप दुर्घटना, 30 यात्री थे सवार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुगड्डा-गुमखाल के बीच भदालीखाल के छोटा भेल्डा के समीप बुधवार दोपहर जीएमओयू की एक बस अनियंत्रित होकर खाई की ओर जा गिरी। गनीमत रही कि बस सड़क किनारे खड़े दो चीड़ के पेड़ों के बीच फंस गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में बस सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई। वहीं, बस की चपेट में आने से सड़क के नीचे निर्माणाधीन होटल की रेलिंग और शौचालय का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।


बुधवार दोपहर कोटद्वार से 30 यात्रियों को लेकर बस पौड़ी की ओर जा रही थी। भदालीखाल के छोटा भेल्डा के समीप मोड़ पर पहुंचते ही बस अनियंत्रित होकर खाई की तरफ गिर गई। अचानक हुई घटना से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस को खाई की ओर गिरता देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलने पर दुगड्डा और लैंसडौन से पुलिस व एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। टीमों ने स्थानीय लोगों की मदद से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, हादसे में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं। किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है।

प्रेशर पाइप फटने से अनियंत्रित हुई बस
बस चालक अशोक ममगाईं पुत्र राजाराम, निवासी पटेल मार्ग, कोटद्वार के अनुसार, भदालीखाल के समीप अचानक बस का प्रेशर पाइप फट गया। इससे बस आगे नहीं बढ़ सकी। सड़क पर ढलान होने के कारण बस पीछे की ओर खिसकने लगी और अनियंत्रित होकर खाई की तरफ गिर गई। हालांकि, सड़क किनारे खड़े दो चीड़ के पेड़ों के बीच फंसने से बस गहरी खाई में जाने से बच गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *