भालुओं की आवाजाही से दहशत, बच्चों का स्कूल जाना हुआ मुश्किल

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : प्रखंड एकेश्वर के अंतर्गत थापली गांव में पिछले तीन दिनों से भालुओं की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है। भालू दिन दहाड़े गांव के आसपास दिखाई दे रहे हैं, जबकि शाम ढलते ही इनकी संख्या बढ़कर तीन हो जा रही है। भालुओं की सक्रियता से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालुओं को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है।


ग्रामीण गंगा सिंह बिष्ट और शशि सिंह बिष्ट ने बताया कि भालू लगातार गांव के आसपास दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, जंगल में चारा-पत्ती लेने गई महिलाओं पर भालू झपट्टा मारने का प्रयास भी कर चुका है। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में भय और बढ़ गया है। लोगों को जंगल की ओर जाने के साथ ही घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरतनी पड़ रही है। भालुओं की आवाजाही का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि भय के कारण बच्चे विद्यालय जाने से कतरा रहे हैं। वहीं, ग्रामीण अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार और अन्य स्थानों पर जाने से भी डर रहे हैं। लोगों को अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की चिंता सता रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने, प्रभावित क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और भालुओं की आवाजाही पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने वन विभाग से ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *