सीएम की घोषणा के बाद भी मिनी स्टेडियम को निदेशालय की स्वीकृति का इंतजार

यमकेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के बावजूद गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय, बिथ्याणी में मिनी स्टेडियम का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। युवा कल्याण विभाग जुलाई में स्थलीय सर्वे पूरा कर चुका है, लेकिन निदेशालय से स्वीकृति नहीं मिलने के कारण योजना लंबित है। इससे क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों को खेल सुविधाओं के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 7 मई को अपने पैतृक गांव पंचूर में तीन रात्रि और चार दिन का प्रवास किया था। इस दौरान 9 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय, बिथ्याणी का निरीक्षण किया था। इसी दौरान सीएम धामी ने महाविद्यालय के मौजूदा खेल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने की घोषणा की थी। महाविद्यालय पंचूर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित है।युवा कल्याण विभाग ने 24 जुलाई को स्थल का सर्वे कराया। इसमें स्टेडियम के लिए 120 गुणा 80 मीटर भूमि की आवश्यकता बताई गई। परिसर में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, हालांकि कुछ हिस्सों में पहाड़ी कटिंग और समतलीकरण करना होगा। अब निदेशालय की स्वीकृति मिलने के बाद ही निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।
यमकेश्वर का पहला मिनी स्टेडियम होगा
स्टेडियम बनने से यमकेश्वर विधानसभा में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। यहां विकासखंड और विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ एथलेटिक्स ट्रैक और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाएं विकसित होने की उम्मीद है। स्थानीय युवाओं और खेल प्रेमियों ने शासन-प्रशासन से जल्द स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *