खाई में गिरने से बाल-बाल बची जेसीबी, हाईवे पर एक घंटे लगा जाम

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार-दुगड्डा के बीच नजीबाबाद-बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को बड़ा हादसा होने से टल गया। प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय के समीप कटे हुए पेड़ का हिस्सा उठाते समय एक जेसीबी अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई। गनीमत रही कि ऑपरेटर ने स्थिति को संभाल लिया, जिससे जेसीबी खाई में गिरने से बच गई। हालांकि, हादसे में जेसीबी का तेल टैंक फट गया और ऑपरेटर को हल्की चोटें आईं। हाईवे पर जेसीबी पलटने से करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।


दरअसल, कुछ माह पूर्व राष्ट्रीय राजमार्ग पर बाईपास निर्माण के लिए प्रभागीय वनाधिकारी कार्यालय के समीप पेड़ों का कटान किया गया था। शुक्रवार दोपहर कटे हुए पेड़ों को उठाकर डंपर में लादने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान जेसीबी एक पेड़ का हिस्सा उठाकर डंपर में रखने का प्रयास कर रही थी। तभी अचानक मशीन का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे पर पलट गई। हादसे के दौरान जेसीबी का तेल टैंक भी फट गया। गनीमत रही कि ऑपरेटर को गंभीर चोट नहीं आई। वहीं, हाईवे पर मशीन पलटने के कारण वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। बाद में जेसीबी को हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद यातायात सुचारु हो सका।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *