दरांती लेकर गुलदार से भिड़ी 55 वर्षीय लीला देवी
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : एकेश्वर ब्लाक के अंतर्गत ग्राम ईडा मल्ला, श्रीकोटखाल में शुक्रवार को गुलदार ने एक महिला पर हमला कर दिया। महिला ने अपने हौसले का परिचय देते हुए गुलदार से भिड़कर अपनी जान बचाई। गुलदार के हमले में घायल 55 वर्षीय लीला देवी को हंस फाउंडेशन में उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे की है। लीला देवी गांव के समीप खेतों में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घिरी लीला देवी ने घबराने के बजाय साहस दिखाया और हाथ में मौजूद दरांती के सहारे गुलदार का मुकाबला करने लगीं। महिला के प्रतिरोध के चलते गुलदार को पीछे हटना पड़ा और वह जंगल की ओर भाग गया। खेतों से चीखने की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो लीला देवी घायल अवस्था में पड़ी थीं। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल सतपुली स्थित हंस अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार, गुलदार के हमले में लीला देवी के गाल, जबड़े और पीठ पर चोटें आई हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं कांग्रेस नेता राजपाल बिष्ट, डीसीबी के पूर्व डायरेक्टर नरेंद्र नेगी ने हंस अस्पताल पहुंचकर घायल महिला का हाल चाल जाना तथा परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली।
गांव में कई दिनों से गुलदार की धमक
पूर्व ग्राम प्रधान रविंद्र कुमार ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। गुलदार की आवाजाही के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। शाम ढलते ही लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और उसे पकड़ने के लिए प्रभावित क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।