धनतेरस पर वाहन खरीदने का क्रेज, कोटद्वार में एडवांस वाहनों की बुकिंग

कारों से लेकर बाइक और स्कूटी तक की बढ़ी मांग
पिछले साल के मुकाबले 20 से 25 प्रतिशत कारोबार बढ़ने की उम्मीद
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : त्योहारी सीजन में घर-आंगन के साथ वाहन बाजार भी गुलजार होने लगा है। नवरात्र से लेकर धनतेरस और दीपावली तक नया वाहन खरीदने की परंपरा के चलते कोटद्वार के शोरूम में ग्राहकों की भीड़ उमड़ रही है। कोई परिवार की जरूरत के लिए कार खरीद रहा है तो कोई धनतेरस पर नई बाइक या स्कूटी घर लाने की तैयारी में है। शहर में अब तक 150 से अधिक कारों और 800 से अधिक दोपहिया वाहनों की बुकिंग हो चुकी है। ग्राहकों के उत्साह को देखते हुए वाहन कारोबारियों को इस वर्ष पिछले साल के मुकाबले 20 से 25 प्रतिशत तक कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।


त्योहारों को देखते हुए वाहन कंपनियों और डीलरों ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं। ग्राहकों की पसंद और मांग के अनुसार वाहनों का स्टाक जुटाया जा रहा है। कोटद्वार में दोपहिया और चार पहिया वाहनों का बड़ा बाजार होने के कारण विभिन्न कंपनियों के बीच ग्राहकों को आकर्षित करने की होड़ लगी है। इसके लिए फाइनेंस की सुविधा समेत अन्य आकर्षक आफर भी दिए जा रहे हैं। धनतेरस पर वाहन खरीदने को लेकर ग्राहकों में विशेष उत्साह है। कई लोगों ने अपने पसंदीदा वाहन की बुकिंग कराने के साथ ही डिलीवरी की तारीख भी तय कर दी है। खासकर चार पहिया वाहनों की डिलीवरी के लिए बड़ी संख्या में ग्राहकों ने धनतेरस का दिन चुना है। ऐसे में निर्धारित समय पर सभी ग्राहकों को वाहन उपलब्ध कराना डीलरों के लिए चुनौती बन सकता है। कारोबारियों को उम्मीद है कि त्योहार नजदीक आने के साथ ही बुकिंग का आंकड़ा और बढ़ेगा।

ईवी वाहनों की ओर बढ़ रहा रुझान
त्योहारी सीजन में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की मांग भी बढ़ रही है। पेट्रोल-डीजल पर होने वाले खर्च से बचने और कम रख-रखाव लागत के कारण ग्राहक इलेक्ट्रिक स्कूटर और कारों में रूचि दिखा रहे हैं। कोटद्वार के वाहन बाजार में इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों को लेकर अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं, करीब पांच से दस प्रतिशत ग्राहक चार पहिया वाहनों में भी इलेक्ट्रिक विकल्प तलाश रहे हैं। वाहन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार, कम परिचालन खर्च, आधुनिक फीचर्स और पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता इलेक्ट्रिक वाहनों की लोकप्रियता बढ़ा रहे हैं। हालांकि, ग्राहक ईवी खरीदने से पहले चार्जिंग की उपलब्धता, बैटरी की क्षमता और एक बार चार्ज करने पर तय की जा सकने वाली दूरी के बारे में भी जानकारी ले रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *