गैंगस्टर एक्ट में फरार चल रहे दो इनामी आरोपित गिरफ्तार

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे दो इनामी आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से बचने के लिए दोनों लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत लैंसडौन कोतवाली पुलिस को यह सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देश पर जिले में वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लैंसडौन कोतवाली में गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मुकदमे में फरार चल रहे आरोपितों की तलाश तेज की गई थी। पुलिस के अनुसार, मामले में गैंग लीडर लवकुमार समेत उसके सात अन्य साथियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले की विवेचना रिखणीखाल के प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद अकरम कर रहे हैं। लैंसडौन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दबिश देकर दो फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जगत सिंह निवासी ग्राम मंगरौ, थाना थलीसैंण और रामस्वरूप नौटियाल उर्फ रब्बू निवासी ग्राम सारसौं (सरायखेत), थाना सल्ट, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस टीम की ओर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *