जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद एमकेवीएन की टीम ने शानदार वापसी करते हुए 13वें शहीद मुकेश बिष्ट मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। जनता इंटर कालेज, मोटाढांग में खेले गए फाइनल मुकाबले में एमकेवीएन ने कांवेंट की टीम को 3-1 से शिकस्त दी। दूसरे हाफ में एमकेवीएन के खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागे और टीम को जीत दिलाई। टूर्नामेंट की ट्रॉफी पहली बार जीतने पर खिलाड़ियों और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ महावीर सिंह बिष्ट और विनोद पंत ने किया। मुकाबले के पहले हाफ में कांवेंट की टीम ने बढ़त बनाते हुए एमकेवीएन को 0-1 से पीछे कर दिया। इसके बाद दूसरे हाफ में एमकेवीएन के खिलाड़ियों ने खेल की गति बढ़ाई और लगातार तीन गोल कर मुकाबले का रुख पलट दिया। इस तरह टीम ने 3-1 से जीत दर्ज कर खिताब पर कब्जा जमाया। मैच के दौरान मेहरबान नेगी और तरुण इष्टवाल ने शानदार कमेंट्री कर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। समापन समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने विजेता एमकेवीएन की टीम को ट्रॉफी प्रदान की। वहीं, गिरिराज सिंह रावत ने विजेता टीम को 13 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भेंट की। उपविजेता कांवेंट की टीम को अंतरराष्ट्रीय फुटबाल कोच सुनील रावत और पूर्व सैनिक महेंद्रपाल सिंह रावत ने ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता टीम को छ: हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई। टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। बाल भारती पब्लिक स्कूल के रौनक ने आठ गोल दागकर गोल्डन बूट का पुरस्कार अपने नाम किया। एमकेवीएन के समर्थ बिष्ट को उदीयमान खिलाड़ी, आयुष बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर और दिव्यांशु नेगी को टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। आयोजन समिति के सदस्य सिद्धार्थ रावत ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 25 टीमों ने प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि एमकेवीएन की टीम पहली बार इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की ट्रॉफी जीतने में सफल रही। टीम की इस उपलब्धि से खिलाड़ियों और समर्थकों में खुशी का माहौल है।