बंगाण क्षेत्र के 30 गांवों में बीएसएनएल सेवा ठप, ग्रामीण परेशान

पुरोला। मोरी प्रखंड के बंगाण क्षेत्र में बीएसएनएल की संचार सेवा ठप होने से करीब 30 गांवों के हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। दुचाणु, किरोली, थुनारा, झोटाड़ी और डगोली में स्थापित पांच टावर बंद पड़े होने से मोबाइल नेटवर्क प्रभावित हो गया है। इससे ग्रामीणों को जरूरी फोन कॉल करने, ऑनलाइन सेवाओं और अन्य संचार कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
दुचाणु के पूर्व प्रधान सुरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि बंगाण क्षेत्र में लंबे समय से संचार सेवा प्रभावित है लेकिन विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं है। कई बार अधिकारियों को जानकारी देने का प्रयास किया गया है लेकिन फोन तक नहीं उठाए जा रहे हैं। न ही तकनीकी कर्मचारी को मौके पर भेजा गया है। कहा कि नेटवर्क ठप होने से आपातकालीन परिस्थितियों में भी संपर्क करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द सभी टावर चालू कर संचार सेवा बहाल नहीं की गई तो ग्रामीण विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे। वहीं, बीएसएनएल के जेटीओ सुनील चौहान ने बताया कि बंगाण क्षेत्र के बंद टावर देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र स्थित बागी टावर से जुड़े हैं। भूमि स्वामी ने निजी कारणों से टावर की आपूर्ति बंद कर दी है। मामला विकासनगर क्षेत्र से संबंधित है। भूमि स्वामी से वार्ता की जा रही है। जल्द ही समस्या का समाधान कर प्रभावित टावरों की सेवाएं बहाल कर दी जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *