बेलाकूची में दीवार पर पड़ीं दरारें, भू-धंसाव शुरू

गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर बेलाकूची में ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत निर्मित सीमेंटयुक्त दीवार एक बरसात भी नहीं झेल पाई है। दीवार पर लंबी दरारें पड़ गई हैं जिससे इसके कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है। वहीं भूधंसाव भी शुरू हो गया है। इसी वर्ष राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल) ने यहां भूधंसाव क्षेत्र का ट्रीटमेंट कराया था।
बेलाकूची में करीब 60 मीटर क्षेत्र में पहाड़ी की ओर एंकरिंग कर गेविंग दीवार बनाई गई थी जबकि अलकनंदा नदी की ओर सीमेंटयुक्त दीवार का निर्माण किया गया। चारधाम यात्रा शुरू होने के दौरान यहां डामरीकरण भी कराया गया था। इसके बावजूद हाईवे के कुछ हिस्सों में धंसाव होने के साथ ही दरारें पड़ गई हैं। वहीं बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह ने कहा कि बेलाकूची में हाईवे की हालत बेहद खराब हो गई थी। इस वर्ष भूधंसाव और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का ट्रीटमेंट किया गया लेकिन अब यहां फिर धंसाव शुरू हो गया है। दीवार पर दरारें पड़ गई हैं। उन्होंने समय रहते इसका उपचार करने की मांग उठाई। वहीं एनएचआईडीसीएल के अधिकारियों का कहना है कि निर्माण एजेंसी की ओर से क्षतिग्रस्त हिस्से का सुधारीकरण कराया जाएगा। हाईवे को सुरक्षित बनाने के लिए आवश्यक कार्य किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *