डिजिटल अरेस्ट से लेकर फर्जी लिंक तक, साइबर ठगों के हर पैतरे से रहें सावधान

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : डिजिटल अरेस्ट, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचाव के लिए पौड़ी पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत कोटद्वार पुलिस ने कांवेंट पब्लिक स्कूल और लैंसडौन पुलिस ने राजकीय आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, जयहरीखाल में विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन धोखाधड़ी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।


कोटद्वार में आयोजित जागरूकता गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक अस्मिता ममगाईं ने कहा कि साइबर ठग लोगों को डराने, लालच देने और उनकी निजी जानकारी हासिल करने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर ठगी करना, लॉटरी और केबीसी के नाम पर पैसे ऐंठना, ओएलएक्स के माध्यम से धोखाधड़ी करना और रिश्तेदार बनकर फोन कॉल या वाट्सएप के जरिए रुपये मांगना साइबर ठगी के प्रमुख तरीके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान व्यक्तियों की ओर से भेजे गए संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करने और एपीके फाइल डाउनलोड करने से बचने की सलाह दी। साथ ही ऑनलाइन गेमिंग और संदिग्ध मोबाइल एप के इस्तेमाल में सावधानी बरतने को कहा। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दुरुपयोग और सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के प्रति भी सतर्क किया। कार्यक्रम में साइबर सेल कोटद्वार के प्रभारी उपनिरीक्षक कमलेश शर्मा ने भी विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी अनजान व्यक्ति की पहचान पर आंख मूंदकर भरोसा नहीं करना चाहिए। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या अनजान एप डाउनलोड करने से व्यक्तिगत जानकारी और बैंक खातों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसी क्रम में लैंसडौन कोतवाली पुलिस ने राजकीय आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, जयहरीखाल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। पुलिस ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी विवरण साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के प्रति भी जागरूक किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *