अलकनंदा नदी में बहे छात्र की तलाश जारी

श्रीनगर गढ़वाल : अलकनंदा नदी में बहे गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के बीए प्रथम वर्ष के छात्र अक्षत वर्मा का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया। गुरूवार को आपदा राहत दल और जल पुलिस ने अल्केश्वर घाट से रवाना होकर घटना स्थल से कीर्तिनगर पुल तक अलकनंदा नदी में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सुबह से हो रही बारिश और नदी का जल स्तर बढ़ने से तलाशी अभियान में दिक्कतें आईं।


आपदा राहत दल ने अल्केश्वर घाट से रवाना होकर न्यू कमलेश्वर घाट के समीप घटनास्थल पर तलाश की। इसके बाद टीम ने नदी में आगे बढ़ते हुए कीर्तिनगर पुल तक सर्च अभियान चलाया। पूरे अभियान के दौरान छात्र की तलाश की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। नदी में बड़े-बड़े पत्थरों के बीच छात्र के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। बता दें कि बुधवार देर शाम न्यू कमलेश्वर घाट के समीप बोतल में पानी भरते समय सती मोहल्ला रूड़की निवासी अक्षत का पैर फिसल गया था और वह अलकनंदा के तेज बहाव में बह गया। मौके पर मौजूद उसके साथी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सका। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने तलाश शुरू की थी। गुरूवार को अभियान में आपदा राहत दल के अनिल पाल शाह, मुनीष रावत, नितेश नौटियाल और गुमान सिंह, जल पुलिस के विपिन कंडारी और महेंद्र शामिल रहे। (एजेंसी)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *