बर्फबारी से बदली केदारनाथ धाम की रंगत

केदारनाथ/रुद्रप्रयाग। दो दिन से हो रही बर्फबारी के बाद केदारनाथ धाम ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। शुक्रवार तड़के तीन बजे से बर्फबारी शुरू हुई। खराब मौसम और बढ़ती ठंड के बीच बाबा भक्त केदारनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे। बर्फ से ढकी चोटियों और धाम के नजारे को देखकर यात्री मंत्रमुग्ध हो रहे हैं।
प्रशासन और पुलिस की टीमें यात्रा व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने प्रतिकूल मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है। उन्होंने श्रद्धालुओं को गर्म कपड़े पहनने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और मौसम के अनुरूप यात्रा करने की सलाह दी। इधर शुक्रवार सुबह से जनपद के निचले इलाकों में भी मौसम खराब बना रहा। जनपद मुख्यालय सहित गुप्तकाशी, फाटा, जखोली और ऊखीमठ में बादल छाए रहे। सुबह कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम में बदलाव और ठंड बढ़ने के कारण लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं। बृहस्पतिवार को 7,328 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इसके साथ ही धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 18,60,360 हो गई है।
बारिश से केदारनाथ पैदल मार्ग पर बढ़ी फिसलन
केदारनाथ। बृहस्पतिवार रात से शुक्रवार तक लगातार बारिश के कारण केदारनाथ पैदल मार्ग पर फिसलन की समस्या हो गई। घोड़े-खच्चरों की लीद और बारिश के पानी से रास्ता कीचड़युक्त और बेहद फिसलन भरा हो गया। बड़ी लिंचोली, छोटी लिंचोली और रामबाड़ा के आसपास यात्रा पड़ावों पर तीर्थयात्रियों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिसलन के कारण कई यात्री गिरकर चोटिल भी हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *