देहरादून, समाज में बढ़ते साइबर अपराधों, नशे की प्रवृत्ति तथा महिलाओं एवं बच्चों के प्रति होने वाले अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से देहरादून पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को थाना रानीपोखरी पुलिस ने क्षेत्र के दो विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता की पाठशाला आयोजित की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम के तहत रानीपोखरी स्थित दून भवानी इंटरनेशनल स्कूल, घम्मूवाला एवं शिव शिक्षा निकेतन स्कूल, रानीपोखरी में विद्यार्थियों को विभिन्न सामाजिक एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराध, ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए। पुलिस ने विद्यार्थियों को हिदायत दी कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते से संबंधित जानकारी और अपनी निजी जानकारियां साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।
महिला एवं बाल सुरक्षा पर
भी दी गई जानकारी
महिला एवं बाल सुरक्षा के विषय पर पुलिस ने विद्यार्थियों को गुड टच और बैड टच, व्यक्तिगत सुरक्षा तथा ऑनलाइन सुरक्षा के बारे में विस्तार से समझाया। साथ ही बताया कि महिलाओं एवं बच्चों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न या दुव्र्यवहार की स्थिति में बिना डरे अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को इसकी जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे से दूर रहने का दिया संदेश
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करते हुए बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज के भविष्य को भी प्रभावित करता है। युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय के शिक्षकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों, महिला एवं बाल सुरक्षा और नशामुक्ति के प्रति जागरूक करें।