जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बैंक ऑफ इंडिया (आईडीबीआई) बैंक इंप्लाइज एवं बैंक ऑफिसर्स यूनियन के केंद्रीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार से दो दिवसीय राष्ट्रव्यापी भूख हड़ताल शुरू हो गई। कोटद्वार शाखा के कर्मचारियों और अधिकारियों ने बैंक परिसर में प्रदर्शन कर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने बैंक को विदेशी कंपनी के हाथों बेचने के फैसले का विरोध किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर विचार नहीं किया तो संगठन अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करने को बाध्य होगा।

सोमवार को सभी अधिकारी और कर्मचारी देवी रोड में बैंक के सामने एकत्र हुए और सरकार के फैसले के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आईडीबीआई बैंक की देशभर में 2200 शाखाएं हैं, जिनमें करीब 20 हजार अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं। बैंक ने चालू वित्तीय वर्ष में 9,250 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। इसके बावजूद केंद्र सरकार बैंक को कनाडा की कंपनी फेयर फैक्स को 53 हजार करोड़ में बेचने पर तुली है। कर्मचारियों ने प्रस्तावित बिक्री सौदे पर रोक लगाने, बैंक में केंद्र सरकार की न्यूनतम 51 प्रतिशत हिस्सेदारी बनाएं रखने, जमाकर्ताओं को संप्रभु गारंटी देने, कर्मचारियों की सेवा शर्तों, पेंशन और रोजगार की सुरक्षा का लिखित आश्वासन देने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में शाखा प्रबंधक संदीप पांडे, उत्तरांचल बैंक इम्पलाइज यूनियन के प्रांतीय सहायक महामंत्री बीरेंद्र रावत, इंद्रेश यादव, मनोज कुमार, स्वीटी, राहुल रावत आदि शामिल रहे।