वाहन की टक्कर में दो गोवंश गंभीर घायल, चालक फरार

पुलिस ने कब्जे में लिया पिकअप वाहन, पशु प्रेमियों में आक्रोश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र में तेज रफ्तार पिकअप वाहन की टक्कर लगने से दो गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया। घटना से आक्रोशित पशु प्रेमियों ने बताया कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने, नियमित चेकिंग अभियान चलाने और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग उठाई है। साथ ही सड़कों पर घूम रहे गोवंश की सुरक्षा के लिए कोटद्वार नगर निगम से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।


संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह रावत, पशु प्रेमी देशबंधु गढ़वाली, आकांक्षा रावत ने बताया कि रविवार देर शाम जशोधरपुर से कोटद्वार की ओर जा रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने हल्दूखाता और मोटाढाक में दो गोवंशों को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चालक सिम्मलचौड़ में वाहन छोड़कर फरार हो गया। वहीं, सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस वाहन की तलाश में जुट गई। इस दौरान पिकअप वाहन सिम्मलचौड़ में खड़ा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। वहीं कलालघाटी पुलिस चौकी प्रभारी राजाराम डोभाल ने बताया कि गोवंश को टक्कर मारने वाले वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *