प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच और नवाचार के लिए प्रेरित किया
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : मंगलवार को श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल देवी रोड़ कोटद्वार में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच और नवाचार के लिए प्रेरित किया। कहा कि आज का युग विज्ञान का युग है। वैज्ञानिक सोच, अभिरुचि, जागरूकता एवं नवाचारों को विकसित करने में विज्ञान प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण योगदान होता है। इससे छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ वैज्ञानिक दृष्टिकोण का भी विकास होता है।

विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर आयुक्त नगर निगम कोटद्वार पीएल शाह, विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुसूया वर्मा, श्री गुरू राम राय नर्सिंग कालेज के प्राचार्य डॉ. राजकुमार, श्री गुरू राम राय पब्लिक स्कूल लालपानी के प्रधानाचार्य डॉ. गिरीश उनियाल द्वारा संयुक्त रूप से माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित करके शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुसूया वर्मा छात्रों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विज्ञान केवल एक विषय नहीं है, यह सोचने, नई चीजों को खोजने और नई खोजे करने का एक तरीका है। यह विद्यार्थियों को सवाल पूछने, रचनात्मक रूप से सोचने और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने के लिए प्रेरित करता है। कला संकाय के विद्यार्थियों द्वारा गढ़वाल की संस्कृति, ऐतिहासिक व भू-भाग का प्रदर्शन करने वाले मनमोहक मॉडल प्रदर्शित किये गये। वाणिज्य संकाय के छात्रों ने बैंकों की कार्य प्रणाली, आधुनिक शापिंग माल आदि मॉडलों को प्रदर्शित कर अपनी व आधुनिक सोच का परिचय दिया। विज्ञान संकाय के वरिष्ठ वर्ग के भावी वैज्ञानिकों ने चन्द्रयान-3, विक्रम लैण्डर, आदित्य एल-वन, हाइड्रोलिक ब्रिज, सिक्योरिटी आफ हाउस से इलेक्ट्रिक उपकरण, सोलर सिस्टम, वाटर हार्वोस्ंिटक, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, ग्रीन एनर्जी वोल्केना आदि विषयों में माडल और चार्ट प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। कनिष्ठ वर्ग के नन्हें वैज्ञानिकों ने वेस्ट मैंनेजमेंट, भूकम्प, अलार्म, एनर्जी रिसोर्स, ड्रिप इरिगोशन सिस्टम जैसे प्रदर्शनों ने खबू सराहना बटोरी। प्राइमरी ग्रुप के नन्हे-नन्हे बच्चों द्वारा बनाये गये ज्वालामुखी, सौरमण्डल, फैमिली ट्री जैसे मॉडल ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस मौके पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।