जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : डैफोडिल्स पब्लिक स्कूल, देवरामपुर, कोटद्वार की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के दो स्वयं सेवकों कुशाग्र प्रतिभा के धनी कुणाल बिष्ट एवं प्रियंशी बिष्ट ने राष्ट्रीय एकता शिविर में प्रतिभाग कर उत्तराखंड राज्य का गौरव बढ़ाया। शिविर से सफलता पूर्वक लौटने पर विद्यालय परिसर में दोनों स्वयं सेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारी का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या नूतन बिष्ट एवं विद्यालय के अध्यक्ष अर्जुन सिंह बिष्ट व विद्यालय प्रबंधक शेखर उपाध्याय ने विद्यार्थियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

यह राष्ट्रीय एकता शिविर 25 से 31 अक्टूबर 2026 तक गडपुरी, हरियाणा में आयोजित किया गया, जिसमें विद्यालय के एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी शंकर बहादुर के नेतृत्व में उत्तराखंड की टीम ने प्रतिभाग किया तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। शिविर के दौरान स्वयं सेवकों ने विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राष्ट्रीय एकता से संबंधित गतिविधियों में उत्साह पूर्वक प्रतिभाग किया तथा उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत को प्रस्तुत किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा गढ़वाल मंडल पौड़ी प्रमेन्द्र कुमार बिष्ट एवं मंडलीय कार्यक्रम समन्वयक पुष्कर सिंह नेगी ने स्वयं सेवकों एवं कार्यक्रम अधिकारी को राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड और विद्यालय का नाम रोशन करने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि इस प्रकार के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि संपूर्ण कोटद्वार एवं उत्तराखंड के लिए गर्व का विषय है।