हरिद्वार। 18 दिन के अंतराल के बाद गंगनहर में पानी की आपूर्ति फिर से शुरू हो गई है। वर्तमान में गंगनहर में केवल एक हजार क्यूसेक पानी प्रवाहित हो रहा है। छठ पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगनहर का जलस्तर बढ़ाया जाएगा।
उत्तर प्रदेश सरकार ने ऊपरी गंगनहर को 20 अक्तूबर को बंद किया था। यह नहर मरम्मतीकरण और साफ-सफाई के कार्यों के लिए बंद की गई थी। सात नवंबर की मध्य रात्रि से इसे फिर से चालू कर दिया गया है। गंगनहर में पानी आने से हरकी पैड़ी पर भी गंगा जल पहुंच रहा है।
इससे श्रद्धालु गंगा स्नान कर पा रहे हैं, परंतु पानी की मात्रा अभी कम है। गंगनहर की कुल क्षमता 13500 क्यूसेक पानी की है। अभी इसकी क्षमता के मुकाबले मात्र एक हजार क्यूसेक पानी ही छोड़ा जा रहा है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शासन की ओर से पानी की मांग कम है। इसी कारण गंगनहर में फिलहाल उतना ही पानी प्रवाहित किया जा रहा है।