देहरादून में दो बड़ी घटनाएं: खुखरी से युवक की हत्या

देहरादून। राजधानी देहरादून में दो अलग-अलग घटनाओं से सनसनी फैल गई। रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में संपत्ति विवाद के चलते एक युवक की खुखरी से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचा उसका चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में सुसवा नदी किनारे जंगल से तीन दिन से लापता 50 वर्षीय इलेक्ट्रिशियन का शव बरामद हुआ है। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।
संपत्ति विवाद में खुखरी से हमला, गौरव की मौत
रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में संपत्ति विवाद को लेकर परिवार के भीतर खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि नितिन नाम के युवक ने खुखरी से गौरव पर हमला कर दिया। हमले में गौरव की मौत हो गई, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चचेरे भाई को भी गंभीर चोटें आई हैं।घायल के मुताबिक, दीपावली के दिन गौरव मिठाई लेकर नहीं आया था, लेकिन घटना वाले दिन शाम को वह उससे मिलने पहुंचा था। इसी दौरान परिवार के कुछ लोगों ने उसे घर के अंदर खींचने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पर घायल युवक पर भी हमला किया गया। आरोप है कि उसके चाचा ने खुखरी से सिर और गर्दन पर वार किए, जिससे गौरव की जान चली गई। परिजनों का आरोप है कि परिवार में नानी की देखभाल और जमीन-मकान की संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक और घायल युवक नानी की देखभाल करते थे, जिसको लेकर परिवार के अन्य सदस्यों से रंजिश बनी हुई थी। घायल पक्ष ने यह भी दावा किया कि इससे पहले विवाद को लेकर पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। थाना रायपुर प्रभारी संजीत कुमार के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। परिजनों से पूछताछ कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। तीन दिन से लापता इलेक्ट्रिशियन का शव सुसवा नदी किनारे मिला
दूसरी घटना नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र की है, जहां नोका-दूधली रोड पर सुसवा नदी किनारे जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान क्लेमेंटटाउन निवासी 50 वर्षीय एरिक जॉन पुत्र जॉन शेरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह राजपूताना फार्म से आगे सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव की पहचान कराई। परिजनों ने बताया कि एरिक जॉन इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे और 7 नवंबर को काम के सिलसिले में घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद से परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर चोट के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए कोरोनेशन अस्पताल भेजा गया है।
थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी देवेंद्र चौहान ने बताया कि पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई है।
रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
दो अलग-अलग घटनाओं ने राजधानी में बढ़ाई चिंता
एक ओर पारिवारिक संपत्ति विवाद में युवक की हत्या का मामला सामने आया है, तो दूसरी ओर तीन दिन से लापता इलेक्ट्रिशियन का शव जंगल में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। दोनों मामलों में पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *