देहरादून।दीपावली के बाद उत्तराखंड की राजधानी देहरादून की हवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ गया है। आतिशबाजी के बाद शहर की वायु गुणवत्ता चिंताजनक स्थिति में पहुंच गई है। आठ दिनों के भीतर देहरादून का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 103 से बढ़कर 254 दर्ज किया गया। वहीं शहर के बाहरी क्षेत्र में स्थित दून विश्वविद्यालय के निगरानी केंद्र पर अदक का स्तर 359 तक पहुंच गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। प्रदूषण के इन आंकड़ों ने राजधानी की आबोहवा और लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ा दी है। सबसे अधिक प्रदूषण क्लॉक टावर क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां आठ नवंबर को अदक 271 रहा। वहीं नेहरू कॉलोनी में वायु गुणवत्ता सूचकांक 237 दर्ज किया गया। दोनों ही स्थानों पर हवा खराब श्रेणी में पहुंच चुकी है। खास बात यह है कि शहर के बाहरी क्षेत्र में स्थित दून विश्वविद्यालय के नियमित निगरानी स्टेशन पर 359 का आंकड़ा सामने आया है। इससे स्पष्ट है कि प्रदूषण का असर केवल शहर के व्यस्त बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों तक सीमित नहीं है।
एक दिन में 117 अंक बढ़ा
देहरादून का औसत अदक
दीपावली के दौरान प्रदूषण की स्थिति का आकलन करने के लिए एक से 15 नवंबर तक देहरादून समेत प्रदेश के आठ शहरों में थर्ड पार्टी के माध्यम से वायु गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। शुरुआती आठ दिनों के आंकड़ों के अनुसार, एक नवंबर को नेहरू कॉलोनी और क्लॉक टावर का औसत अदक 103 था। दो नवंबर को यह 109, तीन नवंबर को 103, चार नवंबर को 100 और पांच नवंबर को 109 दर्ज किया गया। छह नवंबर को औसत अदक बढ़कर 123 और सात नवंबर को 137 पहुंच गया। इसके बाद आठ नवंबर को एक ही दिन में 117 अंकों की भारी वृद्धि के साथ यह 254 दर्ज किया गया। क्लॉक टावर में अदक 157 से बढ़कर 271 और नेहरू कॉलोनी में 117 से बढ़कर 237 पहुंच गया। यह अचानक आई वृद्धि राजधानी में वायु प्रदूषण की गंभीरता को दर्शाती है।
दून विश्वविद्यालय में पीएम
2.5 का स्तर भी चिंताजनक
उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमित निगरानी स्टेशन दून विश्वविद्यालय में आठ नवंबर को अदक 359 दर्ज किया गया। यहां पीएम 2.5 की मात्रा 196.54 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर और पीएम 10 का स्तर 262.48 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा। इसके अलावा सल्फर डाइऑक्साइड 4.94 और ओजोन 20.02 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई।
यह आंकड़ा थर्ड पार्टी के क्लॉक टावर और नेहरू कॉलोनी केंद्रों से अलग नियमित निगरानी स्टेशन का है। थर्ड पार्टी के दोनों केंद्रों का औसत अदक 254 रहा, जबकि दून विश्वविद्यालय में यह 359 दर्ज किया गया। दोनों निगरानी व्यवस्थाओं के आंकड़े राजधानी में प्रदूषण की गंभीर स्थिति की ओर इशारा कर रहे हैं।